नया साल कड़ाके की सर्दी में ही मनेगा




  प्रभात गंगा संवाददाता


पहाड़ो पर हो रही बर्फबारी के कारण मैदान में भी ठंड बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अभी ठंड से राहत नहीं मिलेगी। नया साल कड़ाके की सर्दी में ही मनेगा। दिसंबर के अंतिम दिन बारिश भी हो सकती है। 
पिछले 12 दिनों से सर्दी चरम पर है। रात को ही नहीं दिन में भी सर्दी से राहत नहीं मिल रही है। दिन में धूप न निकलने से तापमान में गिरावट हो रही है। सुबह को जहां कोहरे के चलते सूरज नजर नहीं आ रहा है, वहीं दोपहर में बादल छाए रहते हैं।  आज दिन  के समय कुछ देर  के लिए सूर्यदेव के दर्शन हुए। वहीं बर्फीली हवा से पूरा दिन लोग ठिठुरते रहे। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 11.6 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 85 व न्यूनतम 66 प्रतिशत दर्ज की गई। इसके अलावा चौबीस घंटे में मेरठ का एक्यूआई भी 285 से बढ़कर 311 पर पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार दिन में सर्दी का सितम बढ़ता जा रहा है। अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री नीचे चल रहा है। साथ ही रात में पड़ रहा पाला सर्दी को बढ़ा रहा है